बोट यात्रा के सहारे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संवारने में जुटी प्रियंका गांधी, वाराणसी में मनाएगी होली

0
757

देश की 543 लोकसभा में से 80 सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश में जनमत की बढ़त निर्धारित करती है कि केंद्र में सत्ता की चाभी किस पाले में जाने वाली है। इसी उत्तर प्रदेश में अब से 3 महीने पहले मुक़ाबला सीधे तौर पर केंद्र और सूबे की सत्ता पर विराजमान भाजपा और साझे विपक्ष में मध्य माना जा रहा था। अनुमान था कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस मिलकर भाजपा का मुक़ाबला करेंगे, जिसमें बहुत हद तक भाजपा के चित होने की संभावना थी। इस अनुमान को धराशाही किया सपा, बसपा गठबंधन ने जिसने रायबरेली और अमेठी की सीट छोड़कर कांग्रेस पार्टी को राज्य में सिरे से खारिज ही कर दिया था। कांग्रेस पार्टी के लिए उस गठबंधन को स्वीकार करने का मतलब था देश के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण राज्य में ख़त्म हो जाना, उस राज्य में जनादेश खो देना जहां से जीते बगैर आप दिल्ली की सत्ता का सपना तक नहीं देख सकते। ऐसे में गठबंधन द्वारा ठुकराए जाने के बाद भी कांग्रेस पार्टी ने राज्य में अकेले दम पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। तब पार्टी में नई जान, नई उम्मीद फूंकने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा को लाया गया। रायबरेली से सोनिया गांधी के चुनाव लड़ने के दौरान प्रियंका वहां कांग्रेस पार्टी का प्रचार कर चुकी थी, लेकिन सक्रिय राजनीति में यह प्रियंका का पहला कदम है। प्रियंका को पार्टी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाकर 42 सीटों की कमान सौंप दी। यूपी में नए जोश के साथ नई तरह की राजनीति करने का दावा करती कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी अपना चुनावी अभियान शुरू कर चुके हैं। इस कड़ी में सोमवार को प्रियंका ने प्रयागराज के संगम से वाराणसी तक की बोट यात्रा प्रारम्भ की है।

140 किलोमीटर की यात्रा, 3 दिन में की जाएगी पूरी:

गंगा की बेटी बनकर प्रयागराज से वाराणसी तक गंगा किनारे बोट के सहारे यात्रा करते हुए प्रियंका गांधी करीब 140 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा के दौरान गंगा किनारे बसे गांवों का दौरा करेगी, मंदिरों में दर्शन करेंगी, गंगा के प्रमुख घाटों पर ठहरकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आसपास के लोगों से मिलाने का कार्यक्रम रखा गया है। इसके तहत गंगा यात्रा के शुरूआती दिन प्रियंका ने स्थानीय युवाओं व छात्र-छात्राओं के प्रतिनिधि मंडल के साथ शिक्षा, बेरोज़गारी और आम सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विमर्श किया। प्रियंका की 3 दिवसीय यात्रा का समापन होली के दिन प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here