कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को ओडिशा के कोरापट में थे। यहां महिला दिवस पर महिलाओं की एक बैठक में विमर्श करने के बाद राहुल गांधी ने जनसभा को भी सम्बोधित किया। इस दौरान राहुल ने महिला विषय, आदिवासियों की ज़मीन आदि पर बात की।
राहुल ने कहा, कांग्रेस सरकार आएगी तो महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में पास करवाएंगे:
महिलाओं से विमर्श करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ”मैं महिलाओं को सुझाव देना चाहता हूं कि किसी भी महिला को अपने आपको खुद से कम नहीं सोचना चाहिए। उनकी अपनी जगह के लिये लड़ना चाहिए, जब उन पर अत्याचार होता है तो उनको पीछे नहीं हटना चाहिए। हम काफी सालों से लोकसभा और विधानसभा में महिला आरक्षण बिल को लाना चाहते हैं। हमारी सरकार आयेगी तो हम महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में पास करने की कोशिश करेंगे। उड़ीसा में हर रोज 8 महिलाओं के साथ बलात्कार होता है और एक साल में केवल 7 महिलाओं को न्याय मिलता है। हमारा इस मामले में ‘जीरो टॉलरेंस’ होगा। यहां महिलाओं पर अत्याचार होता है। हम हर पंचायत में महिलाओं के लिये विशेष अधिकारी की नियुक्ति की जायेगी। हमने अपने घोषणा पत्र में कई निर्णय लिये हैं। ओडिशा की हर महिला को ओडिशा की सरकार मुफ्त में शिक्षा देगी।”
राहुल बोले, कांग्रेस पार्टी भी गरीबों को पैसा देकर दिखा देगी:
जनसभा को सम्बोधित करने के दौरान छोटे व्यापारियों, आदिवासियों के विषय पर राहुल गांधी ने कहा कि ”रोजगार के लिये छोटे-छोटे उद्योगों को मदद की जरुरत होती है। अगर बैंक का पैसा छोटे बिजनेस वालों, किसानों को नहीं मिलेगा तो हिंदुस्तान में रोजगार पैदा नहीं होगा। हमने आदिवासियों, किसानों की जमीन की रक्षा की। हम पेसा कानून लेकर आये, जमीन अधिग्रहण बिल लेकर आये और संसद में चौकीदार जी ने 3 बार इस बिल को रद्द करने की कोशिश की।
बस्तर में 5 साल तक उद्योग नहीं लगा तो वहां की कांग्रेस सरकार ने टाटा कंपनी से जमीन वापस ली और आदिवासी भाईयों को वापस दी। अगर नरेन्द्र मोदी साढ़े 3 लाख करोड़ रुपये 15 अमीर लोगों को दे सकते हैं तो कांग्रेस पार्टी भी गरीबों को पैसा देकर दिखा देगी। ओडिशा में कांग्रेस पार्टी की सरकार आयेगी तो यहां भी किसानों को धान का 2500 रुपये से कम रेट नहीं मिलेगा। 2019 के चुनाव के बाद हम ऐतिहासिक काम करने जा रहे हैं। हमने निर्णय लिया है कि हिंदुस्तान के हर गरीब व्यक्ति को गारंटी करके कम से कम आमदनी कांग्रेस पार्टी उसके बैंक खाते में डाल देगी।”